July 27, 2024
Vidya Junction Classes-Best Coaching Institute in Patna City

जिला पदाधिकारी, पटना डॉ. चन्द्रशेखर सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना श्री राजीव मिश्रा द्वारा आज वरीय पदाधिकारियों के साथ गायघाट से दीदारगंज तक सभी छठ घाटों का निरीक्षण किया गया तथा छठ महापर्व, 2023 की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

1 min read

पटना, सोमवार, दिनांक 13 नवम्बर, 2023ः जिला पदाधिकारी, पटना डॉ. चन्द्रशेखर सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना श्री राजीव मिश्रा द्वारा आज वरीय पदाधिकारियों के साथ गायघाट से दीदारगंज तक सभी छठ घाटों का निरीक्षण किया गया तथा छठ महापर्व, 2023 की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

जिलाधिकारी द्वारा पूजा समिति के सदस्यों से वार्ता की गई। साथ ही आम लोगों से भी फीडबैक लिया गया।

डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि निरीक्षण का एक राउण्ड पूरा हो गया है। गंगा नदी के नासरीगंज से दीदारगंज तक अनेक अच्छे घाट निकले हैं। लगभग 100 घाटों पर प्रशासन द्वारा तीव्र गति से बेहतरीन तैयारी की जा रही है। छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए हर तरह की प्रशासनिक सुविधा रहेगी। जैसे-जैसे गंगा का जल-स्तर घट रहा है वैसे-वैसे सुरक्षात्मक तथा सुविधा के दृष्टिकोण से सारी व्यवस्था की जा रही है। मानकों के अनुरूप बैरिकेडिंग किया जा रहा है। खतरनाक घाटों को लाल कपड़ा से घेरा जा रहा है। अनुपयुक्त एवं खतरनाक घाटों पर भी दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी ताकि लोग उधर न जाएं।

अधिकारियों द्वारा प्रातः 7ः00 बजे गायघाट से प्रारंभ कर लगभग बारह किलोमीटर की दूरी तय करते हुए दीदारगंज घाट तक निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा ढ़ाई घंटा तक करीब 40 घाटों पर एक-एक कर पैदल भ्रमण किया तथा गंगा का जल-स्तर, घाट निर्माण की स्थिति, एप्रोच रोड, साफ-सफाई, सुरक्षा-व्यवस्था, भीड़-प्रबंधन, यातायात प्रबंधन सहित सभी बिन्दुओं पर तैयारियों एवं प्रबंध का जायजा लिया गया तथा आवश्यक निदेश दिया गया। करनालगंज घाट, गायघाट, कंटाही घाट, भद्र घाट, महावीर घाट, नौजर घाट, कॉलोनी घाट, दुल्ली घाट, सीढ़ी घाट, आदर्श घाट, मित्तन घाट, सीता घाट, खाजेकलां घाट, टेढ़ी घाट, महाराज घाट, केशव राय घाट, मिरचाई घाट, हीरानंद साह घाट, झाउगंज घाट, चिमनी घाट, गुरु गोविंद सिंह कॉलेज घाट-क़िला घाट, कंगन घाट, खिड़की घाट, पत्थर घाट, अदरक घाट, गडे़रिया घाट, पिरदमरिया घाट, नंदगोला घाट, नुरूद्दीनगंज घाट, बुंदेलटोली घाट, दमराही घाट, शरीफागंज घाट, दीदारगंज घाट सहित सभी घाटों पर पैदल चलकर जिलाधिकारी ने घाटों की वर्तमान स्थिति तथा व्यवस्था का अवलोकन किया, संरचनाओं को देखा एवं आवश्यक निदेश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि 17 नवम्बर को नहाय-खाय से छठ महापर्व का अनुष्ठान हो रहा है। इससे पूर्व सभी तैयारी सम्पन्न कर ली जाएगी। सेक्टर पदाधिकारियों के 21 दल द्वारा 108 घाटों पर लगातार कैम्प कर सभी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि गंगा नदी में पानी घट रहा है। इस वर्ष छठ पूजा के दिन जल-स्तर विगत वर्ष की तुलना में लगभग तीन मीटर कम रहने की संभावना है। गंगा के जल-स्तर में कमी एवं घाटों की भौतिक स्थिति को देखते हुए छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन द्वारा सभी तैयारी की जा रही हैं। डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि पानी घटने से दलदल की स्थिति उत्पन्न होती है। जिलाधिकारी ने सेक्टर पदाधिकारियों तथा नगर कार्यपालक पदाधिकारी को निदेश दिया कि सुविधा तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से सैण्डबैग का प्रयोग किया जाए।

आज के निरीक्षण के दरम्यान जिलाधिकारी द्वारा अधिकारियों को अशोक राजपथ को कंगनघाट से जोड़ने वाले रास्ते को सुगम एवं अवरोधमुक्त करने का निदेश दिया गया। डीएम द्वारा नगर कार्यपालक पदाधिकारी, पटना सिटी अंचल को रास्ते से जल-जमाव को शीघ्र दूर करने का निदेश दिया गया। जिन-जिन सम्पर्क पथों पर अतिक्रमण है वहाँ से अतिक्रमण हटाने का निदेश नगर कार्यपालक पदाधिकारी को दिया गया। किला घाट एवं अदरक घाट आने वाले रास्तों को सुचारू करने का निदेश दिया गया। डीएम ने निदेश दिया कि अनुमण्डल पदाधिकारी, पटना सिटी कार्यों में प्रगति का अनुश्रवण करेंगी।

डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डेडिकेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान रहेगा। एप्रोच पथ सुगम एवं अवरोधमुक्त रहेगा। घाटों की बैरिकेडिंग शीघ्र पूरी हो जाएगी। बैरिकडिंग के उपर जाली भी लगा रहेगा। सभी घाटों पर प्रकाश की व्यवस्था अच्छी रहेगी। यात्री शेड की भी काफी अच्छी व्यवस्था रहेगी। मार्गों, घाटों एवं रिवरफ्रंट पर सीसीटीवी कैमरा से निगरानी की जाएगी। बड़े घाटों पर ड्रोन से गतिविधियों पर नजर रखा जाएगा। सभी घाटों पर वाच टावर एवं नियत्रंण कक्ष की स्थापना की जा रही है। मजिस्ट्रेट एवं फोर्स का डेपुटेशन रहेगा। एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ के साथ-साथ रिवर पेट्रोलिंग भी क्रियाशील रहेगा। मेडिकल टीम भी तैनात रहेगा।

डीएम डॉ सिंह ने कहा कि वे सायं काल भी छठ घाटों का निरीक्षण करेंगे एवं प्रकाश की व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

डीएम डॉ. सिंह ने सेक्टर पदाधिकारियों को कार्यकारी एजेसियों से योजनाबद्ध एवं समयबद्ध ढंग से कार्य कराने का निदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों को पूजा समितियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा।

डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि प्रशासन मुस्तैद है। फूलप्रूफ (त्रुटिहीन) व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध है। उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था तथा सुचारू यातायात-प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, पटना श्री तनय सुल्तानिया, अनुमंडल पदाधिकारी पटना सिटी श्रीमती गुंजन सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, पटना सिटी, विशिष्ट पदाधिकारी अनुभाजन, जल संसाधन विभाग, पीएचईडी/भवन निर्माण के अभियंतागण, नगर कार्यपालक पदाधिकारी, संबंधित घाटों के सेक्टर पदाधिकारी, पूजा समिति के सदस्य तथा अन्य भी उपस्थित थे।

डीपीआरओ, पटना

समाहरणालय, पटना

(जन-सम्पर्क शाखा)

अकबर ईमाम एडिटर ईन चीफ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed